यूपी के रायबरेली में तीन दिवसीय सरस मेले का शुभारंभ
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
रायबरेली के रिफॉर्म क्लब में रविवार को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तत्वावधान में जनपद स्तरीय तीन दिवसीय सरस मेला-2026 का आयोजन किया गया। प्रदेश के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री के लिए लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। कार्यक्रम में बच्चों का अन्नप्राशन और गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म भी संपन्न कराई गई।
कार्यक्रम के दौरान ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र की 30 नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। वहीं, कृषि विभाग की ओर से फसल अवशेष प्रबंधन योजना के तहत पराली न जलाने और उसका उपयोग खाद बनाने में करने के प्रति जागरूकता के लिए प्रचार वाहन रवाना किया गया। कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने हरी झंडी दिखाकर वाहन को रवाना किया।
मीडिया से बातचीत में मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए काम किया जा रहा है। महिलाओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां देकर उन्हें आगे बढ़ने के अवसर दिए जा रहे हैं।