अपराध

यूपी के प्रयागराज में 25 दिसंबर से शुरू होगा फाफामऊ सिक्सलेन पुल पर यातायात, डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने किया निरीक्षण

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 2 नवंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
यूपी के प्रयागराज में 25 दिसंबर से शुरू होगा फाफामऊ सिक्सलेन पुल पर यातायात, डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने किया निरीक्षण

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को प्रयागराज में मलाक हरहर से स्टेनली रोड के बीच गंगा नदी पर निर्माणाधीन सिक्सलेन पुल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से परियोजना की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली।

उपमुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए शेष काम समय से पूरा करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान केशव प्रसाद मौर्य ने निर्माण कंपनी सिंगला और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अधिकारियों से पुल के निर्माण की प्रगति पर चर्चा की। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर 25 दिसंबर को पुल की दोनों लेन पर यातायात शुरू कराने के निर्देश दिए।करीब 9.9 किलोमीटर लंबे इस सिक्सलेन पुल परियोजना पर लगभग 1948 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

परियोजना में गंगा नदी पर मुख्य पुल के साथ एप्रोच मार्ग भी शामिल हैं। पुल को आधुनिक तकनीक और सुरक्षा सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। इसकी संरचनात्मक मजबूती और स्थिति पर लगातार नजर रखने के लिए ब्रिज हेल्थ मॉनिटरिंग सिस्टम (BHMS) लगाया जा रहा है।इस सिस्टम के तहत पुल पर लगाए गए सेंसर कंपन, झुकाव और संरचना में होने वाले बदलावों से जुड़े आंकड़े एकत्र करेंगे।

इन आंकड़ों के विश्लेषण से पुल की स्थिति का आकलन करने और किसी तकनीकी गड़बड़ी की समय रहते पहचान करने में मदद मिलेगी। बाढ़ के दौरान भी पुल पर पानी, हवा और पर्यावरणीय परिस्थितियों के प्रभाव की निगरानी की जा सकेगी।इसके अलावा पुल पर सीसीटीवी कैमरे, ऑटोमैटिक ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम और कमांड सेंटर जैसी आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं।

इनकी मदद से यातायात की निगरानी और दुर्घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सकेगी।सिक्सलेन पुल के शुरू होने से फाफामऊ, तेलियरगंज और आसपास के इलाकों में यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है। साथ ही प्रयागराज से प्रतापगढ़, सुलतानपुर, अयोध्या और लखनऊ की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।