देश

प्रधानमंत्री मोदी ने बनासकांठा में 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 30 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
प्रधानमंत्री मोदी ने बनासकांठा में 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने बनासकांठा में 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया है। इनमें अहमदाबाद मेट्रो फेज-2ए (हवाई अड्डा विस्तार) और फेज-2बी (गिफ्ट सिटी विस्तार) शामिल हैं। साथ ही श्री मोदी ने पीएम-किसान योजना की 24वीं किस्त के तहत 19 हजार करोड़ रुपये जारी किए। प्रधानमंत्री आज से दो दिवसीय गुजरात दौरे पर हैं। आज सुबह बनासकांठा में उनका भव्य स्वागत हुआ।

उन्होंने बनासकांठा में रोड शो किया और लोगों का अभिवादन किया। इस दौरान, श्री मोदी ने बनासकांठा के भीलड़ी स्थित आईवीएफ प्रयोगशाला और भारत प्रजनन एवं अनुसंधान केंद्र का भी दौरा किया। सभा को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि से लगभग साढ़े चार लाख करोड़ रुपये सीधे छोटे किसानों के खातों में हस्तांतरित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने छोटे किसानों का ध्यान रखा है और पीएम किसान सम्मान निधि के माध्यम से उन्हें सहायता प्रदान की है। उन्‍होंने कहा कि एनडीए सरकार ने एमएसपी का वादा पूरा किया है।

श्री मोदी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में गेहूं और धान किसानों के खातों में एमएसपी के रूप में 24 लाख करोड़ रुपये जमा हुए हैं। श्री मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि अब लाखों छोटे किसानों के जीवन का हिस्सा बन चुकी है और लगभग 10 करोड़ किसानों के खातों में 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की जा चुकी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि गुजरात में 50 लाख से अधिक किसानों को भी इसका लाभ मिला है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता बावजूद नई ऊंचाईयों को छू रहा है। उन्‍होंने कहा कि भारत को एक भारत, श्रेष्ठ भारत के पथ पर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार ने उर्वरक की बढ़ती कीमतों का बोझ पूरे देश पर नहीं पड़ने दिया। मोदी ने कहा कि जब देश खाड़ी देशों में तनाव के कारण उत्पन्न अनिश्चितताओं का सामना कर रहा है, तब कुछ लोग उर्वरक और गैस की कमी की अफवाहें फैला रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने लोगों, विशेषकर युवाओं से, कल पूरे देश में आयोजित होने वाली 'रन फॉर यूनिटी' में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कश्मीर से कन्याकुमारी और कच्छ से कामाख्या तक के लोगों को सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करनी चाहिए और एक भारत, श्रेष्ठ भारत के देश के संकल्प को दोहराना चाहिए।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।