पीएम मोदी आज से दो दिवसीय गुजरात दौरे पर
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
अक्टूबर 30, नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज से गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान पीएम बनासकांठा और एकता नगर (केवड़िया) से बड़ी विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त किसानों के खातों में ट्रांसफर करेंगे।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को गुजरात दौरे के दौरान बनासकांठा में एम्ब्रियो ट्रांसफर टेक्नोलॉजी-इन विट्रो फर्टिलाइजेशन (ET-IVF) प्रयोगशाला और भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर (BRC) मवेशी फार्म का दौरा करेंगे।
वे इसे राष्ट्र को समर्पित करेंगे। 127 एकड़ में फैले इस संस्थान को अत्याधुनिक उत्कृष्टता केंद्र के रूप में स्थापित किया गया है। यह कांकरेज मवेशी नस्ल को समर्पित अपनी तरह का देश का पहला सुविधा केंद्र होगा।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 14,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे।वे थराद और राधनपुर में बनास डेयरी के दो बायो-सीएनजी संयंत्रों की आधारशिला रखने के साथ ही अहमदाबाद मेट्रो के फेज-2ए और फेज-2बी की आधारशिला रखेंगे।
प्रधानमंत्री लगभग 2,600 करोड़ रुपये की लागत से अहमदाबाद-मेहसाणा सड़क को चार लेन से आठ लेन में अपग्रेड और मजबूत करने की आधारशिला रखेंगे।प्रधानमंत्री 4,030 नए बाल-अनुकूल आंगनवाड़ी केंद्रों की आधारशिला रखेंगे और गुजरात में 361 पूर्ण बाल-अनुकूल आंगनवाड़ी केंद्रों का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री कृषि अवसंरचना कोष के तहत पूरी की गई 521 परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।प्रधानमंत्री सानंद में आलू प्रसंस्करण संयंत्र के विस्तार का उद्घाटन करेंगे और पालनपुर में अल्ट्रा-हाई-टेम्परेचर उत्पादों के लिए स्वचालित भंडारण और पुनर्प्राप्ति प्रणाली शुरू करेंगे।प्रधानमंत्री रेल संपर्क को मजबूत करने के लिए अहमदाबाद-वाराणसी एक्सप्रेस और मेहसाणा-बेचराजी-साबरमती मेमू ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे।
इसके साथ ही पीएम-किसान योजना के तहत 19,000 करोड़ रुपये की 24वीं किस्त भी जारी की जाएगी।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक अन्य कार्यक्रम के दौरान एकता नगर में राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह के हिस्से के रूप में इस साल के भारत पर्व का उद्घाटन करेंगे। भारत की सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय एकता के उत्सव के रूप में मनाया जाने वाला यह आयोजन 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' की भावना का प्रतीक है।यह महोत्सव राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को अपनी विशिष्ट परंपराओं, लोक प्रदर्शनों, क्षेत्रीय व्यंजनों, हस्तशिल्प और पर्यटक आकर्षणों को प्रदर्शित करने के लिए एक मंच प्रदान करेगा।
इस महोत्सव से एकता नगर और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। यह 15 नवंबर 2026 तक जारी रहेगा।प्रधानमंत्री भारत की एकता, विविधता, सांस्कृतिक विरासत और प्रगति का जश्न मनाने वाले रोशनी के उत्सव 'एकता प्रकाश पर्व' के साक्षी बनेंगे। (फाइल फोटो- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी)