मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर केंद्र और राज्य सरकार ने किया समन्वित प्रयास, प्रधानमंत्री कार्यालय से संपर्क के बाद सुनिश्चित हुई सुरक्षित स्वदेश वापसी
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
भोपाल, नवंबर 05: लंबे इंतजार और अपनों की चिंता के बीच अनूपपुर जिले के ज्ञानेंद्र तिवारी सुरक्षित भारत लौट आए हैं। दुबई से उन्हें एयर एंबुलेंस के माध्यम से भारत लाया गया है। बेहतर उपचार के लिए दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
ज्ञानेंद्र तिवारी की सुरक्षित स्वदेश वापसी के लिए भारत सरकार और मध्यप्रदेश शासन ने समन्वित प्रयास किए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर प्रधानमंत्री कार्यालय से संपर्क कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। वहीं उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल और शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह ने भी उनकी सुरक्षित वापसी और बेहतर उपचार के लिए लगातार प्रयास किए।
शासन और प्रशासन के स्तर पर किए गए इन प्रयासों के परिणामस्वरूप दुबई से एयर एंबुलेंस के जरिए ज्ञानेंद्र को भारत लाने की व्यवस्था की गई। इसके बाद उन्हें तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दिल्ली एम्स पहुंचाया गया।
ज्ञानेंद्र के पारिवारिक रिश्तेदार देवेन्द्र तिवारी ने बताया कि उनकी स्वदेश वापसी को लेकर पूरा परिवार लगातार चिंतित था। सुरक्षित भारत लौटने पर परिवार ने राहत जताते हुए इस कठिन समय में सहयोग करने वाले केंद्र और राज्य सरकार के सभी प्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं अन्य सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।