देश

आईपीएस दीपक पारीक को मिलेगा केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक-2026

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 1 नवंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
आईपीएस दीपक पारीक को मिलेगा केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक-2026

बीकानेर मूल के पंजाब कैडर के आईपीएस अधिकारी दीपक पारीक को उत्कृष्ट कार्य, शौर्य और कार्यकुशलता के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय के केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक-2026 से सम्मानित किया जाएगा। पंजाब के छह आईपीएस अधिकारियों में उनका चयन हुआ है। वर्ष 2014 बैच के अधिकारी दीपक पारीक वर्तमान में पंजाब में एआईजी पद पर कार्यरत हैं। उनकी इस उपलब्धि से बीकानेर और पिलानी में खुशी का माहौल है।

बीकानेर, 1 नवंबर। बीकानेर की प्रतिभा ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। बीकानेर मूल के पंजाब कैडर के आईपीएस अधिकारी दीपक पारीक को केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक-2026 से सम्मानित किया जाएगा। उत्कृष्ट कार्य, शौर्य और कार्यकुशलता के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से उन्हें यह सम्मान दिया जाएगा।

खास बात यह है कि पंजाब के छह आईपीएस अधिकारियों में दीपक पारीक का चयन हुआ है। वर्ष 2014 बैच के आईपीएस अधिकारी पारीक वर्तमान में पंजाब में एआईजी के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दीपक पारीक की शैक्षणिक पृष्ठभूमि भी खास रही है। उन्होंने पिलानी के बिरला पब्लिक स्कूल और बिट्स पिलानी से शिक्षा प्राप्त की है।

वहीं, उनका पैतृक मकान बीकानेर के सोनगिरी कुएं पर स्थित है। उनकी इस उपलब्धि से बीकानेर और पिलानी में खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों और शुभचिंतकों के लिए यह गौरव का क्षण है। दीपक पारीक की उपलब्धि ने एक बार फिर साबित किया है कि राजस्थान की प्रतिभाएं अपनी मेहनत और कर्तव्यनिष्ठा से देशभर में पहचान बना रही हैं।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।